इलेक्ट्रोनिक्स विभाग के दो छात्रों ने किया एमडीयू में टॉप
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
टीआईटीएस कॉलेज के दो छात्रों ने एमडीयू विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कॉलेज के इलेक्ट्रोनिक्स एंड कम्यूनिकेशन डिपार्टमेंट के हिमांशु शर्मा ने सातवें सेमेस्टर में प्रथम व इलेक्ट्रोनिक्स डिपार्टमेंट के सोनू ने पांचवें सेमेस्टर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बुधवार को कॉलेज में दोनों छात्रों को सम्मानित किया गया। विभागाध्यक्ष कमल सरदाना ने बताया कि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय द्वारा जारी टॉप 50 विद्यार्थियों की सूची में इन दोनों बच्चों के साथ-साथ सातवें सेमेस्टर के ईसीई विभाग के 10 छात्रों ने तथा पांचवें सेमेस्टर के 7 विद्यार्थियों ने टॉप 50 में अपना स्थान बनाकर मेरिट प्राप्त की। संस्थान निदेशक प्रो. डा. जीके त्यागी ने विभाग के टीचिंग एवं नान टीचिंग स्टाफ, सोनू व हिमांशु के माता-पिता ने भी उनकी सफलता के लिए बधाई दी।