भिवानी। देवसर चुंगी से लोहारू रेलवे ओवरब्रिज फाटक के समीप दादरी बूस्टर की मुख्य पेयजल लाइन से काठमंडी की तरफ जाने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर पेयजल लाइन को अपग्रेड किया गया है। इस कार्य की वजह से सोमवार सुबह पूरे शहर में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई।
लोग पीने के पानी को लेकर तरसते रहे। उमस भरी गर्मी में पानी की कमी की वजह से लोगों को काफी परेशानी भी झेलनी पड़ी। वहीं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधिकारियों ने रविवार सुबह शुरू किए गए कार्य को सोमवार शाम तक पूरा करा दिया। इसके बाद देर रात तक शहर के कुछ हिस्सों में पेयजल आपूर्ति आंशिक तौर पर कराई गई। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी अधिकारियों ने दावा किया कि मंगलवार से पूरे शहर में नियमित पेयजल आपूर्ति होगी।
दरअसल शहर के डाबर कॉलोनी मुख्य जलघर से दादरी रोड का बूस्टर जुड़ा है। इस बूस्टर से शहर की करीब आठ से दस कॉलोनियों के अंदर पेयजल आपूर्ति कराई जा रही है। इसमें काफी बड़ी कॉलोनियां भी शामिल हैं। नई अनाज मंडी के पीछे काठमंडी का इलाका है। दादरी बूस्टर की 24 इंची मुख्य पेयजल लाइन देवसर चुंगी रेलवे ओवरब्रिज फाटक के समीप से गुजरती है। करीब साल भर पहले ही इस 24 इंची मुख्य पेयजल लाइन से काठमंडी के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी अलग से छह इंची पेयजल लाइन डाली गई थी।
इस पेयजल लाइन को दो इंची कनेक्शनों से जोड़ा गया था। लेकिन अब इसे अपग्रेड करते हुए तीन इंची लाइन से जोड़ा गया है। इस कार्य के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कर्मचारियों ने रेलवे फाटक के समीप जेसीबी से लाइन की खोदाई कर काम शुरू किया था। रविवार को तो जैसे तैसे पेयजल आपूर्ति चालू रही, मगर शाम की सप्लाई के बाद इस लाइन को जोड़ने का काम शुरू किया। इसकी वजह से सोमवार सुबह पूरे शहर में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई।
यह बता दें कि पूरे शहर के अंदर 24 इंची बड़ी मुख्य पेयजल लाइनें बूस्टरों और जलघरों से जुड़ी हैं। तीनों ही जलघरों से एक साथ शहर के सभी जोन में पेयजल आपूर्ति दी जाती है, ताकि बड़ी पाइप लाइनों में पानी का पर्याप्त प्रेशर बना रहे। अगर एक जलघर की मुख्य लाइन में कोई दिक्क्त है तो इसका असर दोनों जलघरों की पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ता है। क्योंकि पानी का प्रेशर दूसरे जलघर के बूस्टर की लाइनों को भी प्रभावित करते हैं। यहां ऐसा ही हुआ। दादरी बूस्टर की मुख्य पेयजल लाइन से छोटी लाइन अपग्रेड किए जाने के कार्य के कारण सोमवार सुबह पूरे शहर में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई।
घरों के अंदर पहुंच रहा है मिट्टी युक्त पानी
इनदिनों प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति है। वहीं बारिश के दौरान नहरों में भी पानी के साथ अत्यधिक मिट्टी जलघर टैंकों तक पहुंच रही है। ये पानी क्लोरिनेशन के बावजूद भी साफ नहीं हो पा रहा है। घरों के अंदर नलों से मिट्टी युक्त पानी आ रहा है। जहां दूषित पेयजल आपूर्ति की दिक्कत है वहां पानी में मिट्टी के साथ बदबू भी आ रही है। यह पीना सेहत के लिए खतरनाक है। क्योंकि बारिश का पानी जीवाणु से युक्त होता है। जिसे अच्छी तरह उबालने पर भी स्वच्छ कर पाना मुश्किल है।
रविवार को लोहारू रोड रेलवे फाटक के समीप दादरी बूस्टर की 24 इंची पाइप लाइन से काठमंडी की तरफ जाने वाली छह इंची पेयजल लाइन को अपग्रेड किया गया है। ये लाइन साल भर पहले यहां डाली गई थी। लाइन अपग्रेड होने के बाद काठमंडी व आसपास के इलाके में पेयजल को लेकर कोई दिक्कत नहीं रहेगी। कार्य की वजह से सोमवार सुबह पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई, शाम तक पेयजल आपूर्ति बहाल कर देंगे, मंगलवार से पूरे शहर में नियमित पेयजल आपूर्ति होगी।
-कपिल श्योराण, कनिष्ठ अभियंता शहरी पेयजल शाखा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भिवानी।