उपमंडल की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आज
अमर उजाला ब्यूरो
लोहारू । राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर मंगलवार को लोहारू उपमंडल की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं में पंचायतों की विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी। यह जानकारी देते हुए एसडीएम सुरेश कस्वां ने बताया कि 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती दिवस को ग्राम स्तर पर प्रमुखता से मनाने के लिए सभी गांवों में ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन ग्राम सभाओं में वर्ष 2018-19 के लिए ग्राम पंचायतों की विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी और पहले कराए गए विकास कार्यों का लेखा जोखा तैयार किया जाएगा। इसके अलावा बाल पंचायतों का आयोजन होगा, जिसमें ड्राइंग, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। ग्राम विकास से जुड़ी योजनाओं के तहत मनरेगा, वित्त आयोग, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अनेक कार्यों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। इसके अलावा लिंगानुपात, भूजल स्तर को सुधारने, सामाजिक उत्थान के बारे में विस्तार से चर्चा की जाएगी।