बारिश से हुए नुकसान की भरपाई की मांग
लोहारू।
क्षेत्र के ढिगावा मंडी कस्बे के विश्राम गृह में भारतीय किसान यूनियन की बैठक में बारिश से हुए नुकसान की भरवाई व गेहूं के मूल्य को बढ़ाने के लिए आवाज उठाई। सोमवार को हुई पंचायत आजाद सिंह भूंगला की अध्यक्षता में सपंन्न हुई। पंचायत में बीते शुक्रवार देर शाम ढिगावा क्षेत्र में तेज अंधड़ के साथ हुई हल्की बारिश से किसानों की गेहूं की फसल को हुए नुकसान के बाद सरकार से किसानों को राहत दिए जाने की मांग की है। जिला प्रधान मेवा सिंह आर्य ने कहा कि खेत में पककर तैयार हो चुकी फसल में तेज अंधड़ व मामूली बारिश से नुकसान पहुंचा है। उन्होंने सरकार से गेहूं का भाव 4200 रुपये देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा बजट के दौरान सरकार ने किसानों को फसल लागत का डेढ़ गुणा लाभकारी मूल्य दिए जाने का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा कि की सरकार सरसों की खरीद में अपने दावे पर खरी नही उतरी है। इस मौके पर इंद्रराज दमकौरा, राजेश पहाड़ी, जय सिंह, मांगेराम, जय सिंह व अन्य किसान मौजूद रहे।