भिवानी पुलिस ने शनिवार और रविवार को आयोजित होने वाली संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) ग्रुप डी को लेकर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार की वाहन पार्किंग नहीं होने दी जाएगी। वहीं परीक्षा से पहले होटल और धर्मशाला की रोजाना चेकिंग होगी।
परीक्षा पर पुलिस की 12 पेट्रोलिंग टीमें कड़ी निगरानी रखेंगी। पुलिस ने जिले भर में नाकेबंदी की भी है। सीईटी में नकल, पेपर लीक व अन्य किसी भी तरह की सूचना कंट्रोल रूम व एसीबी के हेल्पलाइन नंबर पर देने की अपील भी की है।
संयुक्त पात्रता परीक्षा को लेकर वीरवार को पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि जिले में 49 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 21 और 22 अक्तूबर को होने वाले सीईटी की तैयारियां हो चुकी हैं। 49 परीक्षा केंद्रों पर करीब 700 पुलिस कर्मचारी ड्यूटी देंगे।
बता दे कि 21 और 22 अक्तूबर को सुबह और शाम के सत्र में परीक्षा होगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी। एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने थाना क्षेत्र में परीक्षा केंद्रों पर लगातार गश्त करें और पीसीआर व रायडर को भी लगातार गश्त करने के निर्देश दें। इसके अलावा परीक्षा केंद्र के आसपास की फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटरों पर कड़ी निगरानी रखते हुए इन्हें बंद कराएं। जिला यातायात पुलिस मुख्य चौक और मार्गाें पर लगातार यातायात व्यवस्था बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि परीक्षा में परीक्षार्थी को कोई भी इलेक्ट्रॉनिक आइटम जैसे मोबाइल फोन, पेजर, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी व मुद्रित कागजात ले जाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस अधीक्षक ने परीक्षार्थियों व उनके साथ आने वाले परिजनों से अपील की है कि जिले में कानून व्यवस्था व यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में जिला पुलिस को सहयोग करें। वही अपने निजी वाहन से आने वाले परीक्षार्थी अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा न करके पार्किंग में खड़ा करें।
पेपर लीक से जुड़ी इन नंबरों पर करें शिकायत
जिला भिवानी में सीईटी ग्रुप डी की परीक्षा के दौरान परीक्षा में नकल, पेपर लीक से संबंधित या अन्य किसी महत्वपूर्ण जानकारी को परीक्षार्थी व आम नागरिक जिला पुलिस भिवानी के कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 88140 11461, लैंडलाइन नंबर 0164 - 242744 या एंटी करप्शन ब्यूरो की हेल्पलाइन नंबर 1800180 2022 पर तुरंत दें।
संयुक्त पात्रता परीक्षा को लेकर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा को लेकर पुलिस अपने-अपने इलाके के होटल और धर्मशालाओं में ठहरने वाले व्यक्तियों की भी गहन जांच करेगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना मिलने पर तुरंत हरकत में आएगी। जिले में 49 परीक्षा केंद्रों पर 700 पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे।
-वरुण सिंगला, पुलिस अधीक्षक, भिवानी।