भिवानी। बैंक में लोन पर गिरवी रखी एक दुकान को बेचने के नाम पर बयाना लेकर 12 लाख 45 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री व पुलिस अधीक्षक को दी है। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस थाना में आरोपी दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है।
मुख्यमंत्री को दी शिकायत में पतराम गेट क्षेत्रवासी राजेश वर्मा ने बताया कि रामदत्तकान गली निवासी कृष्णा देवी व उसके पति नरेश कुमार ने जवाहर चौक पर लोन पर गिरवी रखी दुकान को बेचने के नाम पर उसके साथ 12 लाख 45 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है। उसका आरोप है कि आरोपियों ने दुकान का सौदा उसके साथ किया था। उस समय बताया कि दुकान पर कोई लोन नहीं है न किसी तरह का कोई झगड़ा है। इसके बाद उसने दुकान खरीद के लिए आरोपियों को एक बार आठ लाख और दूसरी बार चार लाख 45 हजार रुपये दे दिए। इस तरह से 12 लाख 45 हजार देने के बाद दुकान खरीद का इकरारनामा तैयार कराया गया। रजिस्ट्री की शर्त के अनुसार 17 सितंबर 2021 को दुकान की रजिस्ट्री कराने तहसील पहुंचा, तो आरोपी नहीं आए। आरोपियों से फोन पर बात की तो उसे ही धमकी दी। इस संबंध में उसने पहले भी पुलिस को शिकायत दी, मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मामले की शिकायत सीएम विंडो व पुलिस अधीक्षक को दी। इसके बाद इस मामले में अब सिविल लाइन पुलिस थाना में आरोपी महिला कृष्णा देवी व उसके पति नरेश कुमार के खिलाफ दुकान बेचने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने पर केस दर्ज हुआ है।