फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जल संकट से निजात : 2,250 क्यूसेक के मुकाबले सुंदर सिस्टम की नहरों में पहुंचा 1,099 क्यूसेक पानी, कल नियमित होगी पेयजल आपूर्ति

Tue, 30 Apr 2024 12:32 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। गर्मी के साथ ही जलसंकट से घिरे लोगों को नहरों में पानी आने से थोड़ी राहत मिलेगी। सुंदर सिस्टम में 2,250 क्यूसेक पानी के मुकाबले सोमवार को 1,099 क्यूसेक पानी पहुंचा। नहरों में पानी आने के बाद पुराने शहर को भी जल संकट से अब निजात मिल जाएगी।
विज्ञापन

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी राशनिंग को खत्म कर बुधवार से शहर में नियमित पेयजल आपूर्ति को बहाल कर देंगे। फिलहाल जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी 240 एचपी का अतिरिक्त पंप लगाकर महम रोड जलघर के टैंकों के अंदर नहरी पानी का भंडारण कराने में जुटे हैं। पिछले एक पखवाड़ा से अधिक समय से शहर के अंदर एक दिन छोड़ एक दिन पानी की आपूर्ति राशनिंग से हो रही थी।
सुंदर सिस्टम में 2,250 क्यूसेक पानी की डिमांड मुख्यालय से की गई थी। 28 से पांच मई तक सुंदर सिस्टम में पानी मिलेगा। शुरुआत में नहरी पानी डिमांड के मुकाबले आधे से भी कम ही पहुंचा। सोमवार को सुंदर में सुबह 900 क्यूसेक पानी था जो दोपहर तीन बजे बाद घटकर 550 क्यूसेक ही रह गया। इसी तरह जूई में 549 क्यूसेक पानी ही मिल पाया। जूई को चलाने के लिए मित्ताथल फीडर नहर को बंद करना पड़ा। सुंदर सिस्टम की नहरों में 1,099 क्यूसेक पानी ही मिला। वहीं सिंचाई विभाग के अधिकारियों की मानें तो नहरों में पानी का स्तर अभी और बढ़ेगा। फिलहाल कम पानी होने पर भी शहर में जल संकट को देखते हुए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधिकारियों ने नहरी पानी का भंडारण टैंकों में करना शुरू कर दिया है।
विज्ञापन



सुंदर के बाद बुटाना ग्रुप से भी मिलेगा शहरी जलघर टैंकों को पानी
सिंचाई विभाग में नहरी पानी के पांच ग्रुप बने हैं। सुंदर ग्रुप में 28 अप्रैल से पांच मई तक पानी चलेगा। इसके बाद 6 मई से 13 अप्रैल तक बुटाना ग्रुप में पानी मिलेगा। बुटाना ग्रुप में भी निगाना फीडर से जलघर के टैंकों को पानी मिलेगा। वहीं जिले के कई ग्रामीण जलघरों में भी पानी पहुंचेगा। एक ग्रुप में केवल सात दिन ही नहरी पानी मिल रहा है। इसमें भी अगर शुरुआत और आखिर में पानी का स्तर नहरों में कम होता है तो इस वजह से जलघर के टैंकों में पानी का भंडारण भी संतोष जनक नहीं हो पाता, और गर्मी में लोग जल संकट झेलने पर मजबूर हो जाते हैं।

नहरों में पानी आ गया है। महम रोड स्थित जलघर के टैंकों को भरने के लिए अतिरिक्त पंप मोटरों की व्यवस्था कराई गई है, ताकि अतिरिक्त समय लगाकर जलघर के सभी टैंकों के अंदर पर्याप्त नहरी पानी का भंडारण किया जा सके। बुधवार से पुराने शहर के अंदर राशनिंग खत्म कर नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति कर दी जाएगी। इस दौरान जलघर के टैंकों के अंदर पानी का भंडारण किया जा रहा है। - ताजदीन कनिष्ठ अभियंता शहरी पेयजल शाखा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग।

सुंदर ग्रुप में फिलहाल 2,250 क्यूसेक के मुकाबले 1,099 क्यूसेक पानी का स्तर ही बना है। हमें उम्मीद है कि नहरों में पानी की स्थिति जल्द ही और अधिक बेहतर हो जाएगी। हमारी प्राथमिकता शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के सभी जलघरों के टैंकों को गांव के जोहड़ों को पानी से भरना रहेगी। नहरों में पांच मई तक पानी चलेगा। इस दौरान सभी जलघरों को पर्याप्त नहरी पानी की आपूर्ति मिलेगी। -जितेंद्र मान, कार्यकारी अभियंता, भिवानी वाटर सर्विसेज भिवानी सिंचाई विभाग।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें