वन कर्मचारी संघ चलाएगा जनजागरण अभियान
भिवानी। वन कर्मचारी संघ पर्यावरण से लेकर घरेलू हिंसा, लिंगानुपात, भ्रूण हत्या, बेरोजगारी समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर जनजागरण अभियान चलाएगा। यह अभियान 16 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा। अभियान में आम जनता, कर्मचारियों, किसानों, मजदूरों, बुद्धिजीवियों, कलाकारों, वैज्ञानिकों, पर्यावरण प्रेमियों, एनजीएओ और समाजसेवियों का सहयोग लिया जाएगा। शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए वन कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ के राज्य अध्यक्ष जीवन सिंह ने बताया कि जन जागरण अभियान में सामाजिक, आर्थिक राजनीतिक, सांस्कृतिक और प्रकृति से जुड़े मुद्दों पर फोकस रहेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सफाई, शुद्ध हवा, कुपोषण, लिंगानुपात, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, भ्रूण हत्या, ऑनर किलिंग, कृषि भूमि का लवणीय और क्षारिय होना, कीटनाशकों का प्रयोग, जैविक खेती, रासायनिक खादों का प्रयोग, बढ़ती आबादी, ई- कचरा, बेरोजगारी आदि मुद्दे भी उनके एजेंडे में शामिल रहेंगे। इस अवसर पर दलबीर सिंह, सुनील शर्मा, धर्मपाल सिंह, हंसराज, प्रदीप, सुशील शर्मा, करतार सिंह सांगवान, बलवान सिंह, आनंद, रामधारी कौशिक व सर्व कर्मचारी संघ के प्रवक्ता संदीप सांगवान मौजूद थे।