भिवानी। वीरवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित करवाई जा रही सेकेंडरी की विज्ञान एवं सीनियर सेकेंडरी की शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा हुई। इसमें कुछ परीक्षा केंद्रों पर अनुचित साधन प्रयोग के कुल 10 मामले दर्ज किए गए। प्रदेश के शेष केंद्रों पर परीक्षा नकल रहित संचालित हुई।
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेशभर में संचालित हुई सेकेंडरी की विज्ञान विषय की परीक्षा में अनुचित साधन प्रयोग के 6 मामले दर्ज किए गए तथा सीनियर सेकेंडरी की शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा में अनुचित साधन प्रयोग के 4 मामले दर्ज किए गए। डीएलएड की परीक्षा नकल रहित संचालित हुई।
उन्होंने बताया कि जिला प्रश्न-पत्र उड़नदस्ता, कैथल ने 3, जिला प्रश्न-पत्र उड़नदस्ता, रोहतक एवं जींद ने अनुचित साधन प्रयोग का 1-1 मामला दर्ज किया। जिला नूंह में नियुक्त ऑब्जर्वर द्वारा परीक्षा केंद्र ग्रीन फील्ड हाई स्कूल, नूंह में अनुचित साधन प्रयोग के 5 मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि वीरवार को संचालित हुई सेकेंडरी सीनियर सेकेंडरी के 7010 परीक्षार्थी एवं डीएलएड के 648 छात्र-अध्यापक शामिल हुए।