हरियाणा में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दो चरणों में होगी। पहला चरण 21 से 23 दिसंबर तक होगा। 21 दिसंबर को मेवात के फिरोजपुर झिरका से यात्रा हरियाणा में प्रवेश करेगी। इस दिन राहुल नूंह विधानसभा क्षेत्र के अकेड़ा गांव में रात्रि ठहराव करेंगे।
22 दिसंबर को उनकी यात्रा गुरुग्राम जिले में जाएगी और वह रात्रि ठहराव सोहना हलके के खालुवास गांव में करेंगे। 23 दिसंबर को उनकी यात्रा फरीदाबाद जिले में जाएगी और वह यहां के सार्वजनिक स्थल पर रात में रुकेंगे।
राहुल यहां से उत्तर प्रदेश का रुख करेंगे। कुछ दिन वहां यात्रा के बाद वह फिर से हरियाणा पहुंचेंगे। दूसरे चरण में वह जीटी रोड व अन्य जिलों को नापेंगे। अभी इस चरण का रूट प्लान व यात्रा कार्यक्रम फाइनल नहीं हुआ है। दूसरे चरण की यात्रा हरियाणा में पानीपत जिले से प्रवेश कर सकती है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने बताया कि पहले चरण की यात्रा की तैयारियों को 7 दिसंबर को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। दिल्ली में इस संबंध में एक बैठक हो चुकी है। सभी वरिष्ठ नेता उसमें मौजूद रहे।
सभी ने यात्रा को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए हैं। 7 की बैठक में यात्रा को लेकर सभी नेताओं की जिम्मेदारी तय हो जाएगी। निमंत्रण समिति भी बनेगी, जो पूरे प्रदेश के कांग्रेस नेताओं को यात्रा में शामिल होने के लिए न्योता देगी। यात्रा को हरियाणा में अपार जनसमर्थन मिलेगा। यह यात्रा 2024 विधानसभा चुनाव के लिए अहम साबित होगी।