हरियाणा के जिला सिरसा स्थित महाराजा अग्रसेन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रही सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वीरवार को लड़के और लड़कियों के विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले हुए।
इसमें अमृतसर, गुड़गांव, सोनीपत के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। महाराजा अग्रसेन स्कूल के ऑडिटोरियम में दूसरे दिन लड़कियों के अंडर-16 आयु वर्ग में हेरिटेज स्कूल गुड़गांव ने सेंट मेरी स्कूल पटियाला की टीम को सीधे सेटों में 2-0 से पराजित किया।
दूसरे मुकाबले में लिटिल एंजल स्कूल सोनीपत की टीम ने यूनिवर्सिटी कैंपस खानपुर की टीम को 2-0 से पराजित किया। तीसरे मैच में डीएवी स्कूल फरीदाबाद ने मेजबान अग्रसेन सिरसा स्कूल की टीम को 2-1 से पराजित किया।
हिंदू विद्यापीठ सोनीपत ने डीएवी अमृतसर को 2-0 से, हेरिटेज स्कूल गुड़गांव ने आर्मी स्कूल टिबड़ी को 2-1 से पराजित किया।
अंडर-19 में श्रीराम आश्रम अमृतसर ने खानपुर यूनिवर्सिटी कैंपस को 2-0 से पराजित किया। स्प्रिंग डेल्स अमृतसर ने महाराजा अग्रसेन स्कूल सिरसा को 2-0 से हराया। एमवीएन अरावली हिल्स फरीदाबाद ने आरके एसजे कैथल को 2-0 से हराया।
अंडर-14 में मानव रचना फरीदाबाद ने हेरिटेज गुडगांव को 2-1 से पराजित किया। डीएवी अमृतसर ने डीएवी फरीदाबाद के 2-0 से हराया।
स्प्रिंग डेल्स अमृतसर ने सैंट मेरी पटियाला को 2-0 से हराया। इसी वर्ग में लिटिल एंजिल सोनीपत ने रोयल कांवेंट स्कूल मोगा को 2-0 से हराया।
इस मौके पर महाराजा स्कूल प्रबंध कमेटी के प्रधान राजेंद्र गनेरीवाला, सचिव श्रीनिवास सर्राफ, उपप्रधान राजकुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष भीम सर्राफ और उपसचिव चंद्रमोहन चाडीवाल, खेल प्रभारी राजकुमार शर्मा आदि मौजूद थे।