हरियाणा के अंबाला में देवीनगर शंभू टोल प्लाजा पर फास्ट टैग से टैक्स अदा न होने के विवाद में युवकों ने तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए घायल कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के तीन युवकों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। आरोपियों की पहचान पंजाब राजगढ़ पटियाला वासी आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नी, हरजीत सिंह उर्फ हीरा और तजिन्द्र सिंह उर्फ राणा निवासी राजपुरा पंजाब के तौर पर हुई।
टोल प्लाजा के प्रबंधक प्रवीण दूबे ने थाना सदर अंबाला में 21 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बुधवार की देर रात कार में सवार तीन अज्ञात आरोपी टोल पर पहुंचे। उन्होंने फास्ट टैग से टोल टैक्स अदा करने को कहा। फास्ट टैग से टैक्स अदा न होने पर कर्मचारियों ने आरोपियों से टैक्स की राशि मांगी। आरोप है कि युवकों ने बिना राशि अदा किए बैरिकेड खोलने के लिए दबाव बनाया।
बैरिकेड न खोलने पर बुलाए अन्य साथी
आरोप है कि भुगतान किए बिना बैरिकेड न खोलने पर कार में सवार आरोपियों ने मौके पर अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद यहां छह से सात आरोपियों ने टोल प्लाजा पर जमकर उत्पात मचाया। यहां तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया।