संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। घर-घर डेंगू के लारवा की जांच शुरू करने की प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को 60 युवाओं के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इनमें से 30 युवाओं की ड्यूटी अंबाला सिटी में और 30 ही युवाओं की ड्यूटी अंबाला छावनी में लगाई जाएगी। ये युवा घर-घर जाकर कूलर, छत, गमले आदि जांचे जाएंगे। इस दौरान जिनके घर से भी लारवा मिलेगा उनको नोटिस देते हुए आगे से ध्यान रखने के लिए कहा जाएगा और अगर दोबारा से जांच में उसी घर में लारवा मिलता है तो उसके खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पिछले साल भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से लारवा जांच के लिए टीम का गठन किया गया था। इस दौरान स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर लारवा की जांच की थी। बावजूद इसके डेंगू सीजन में 600 से अधिक मामलों की पुष्टि हुई थी जो कि अभी तक सबसे अधिक थी।
युवाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण
अभियान चलाने से पहले युवाओं को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे कि वह लारवा की जांच प्रक्रिया कर सके। साथ ही प्रतिदिन की रिपोर्ट किस तरह से जमा करवानी है इत्यादि के बारे में भी प्रशिक्षण में जानकारी दी जाएगी। एसएमओ संजीव सिंगला ने बताया कि युवाओं को इस कार्य के लिए 380 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दिए जाएंगे और यह कार्य केवल तीन माह के लिए जारी रहेगा। इस बीच भी युवा केवल 20 दिन ही काम कर सकेंगे। परंतु इस दौरान लारवा की जांच का काम तेजी के साथ किया जाएगा।