पुरानी रंजिश में चाकुओं से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसका दूसरा साथी हमले में बुरी तरह से जख्मी हो गया। लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल लाया गया, जहां एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटनाक्रम के अनुसार अंबाला शहर के ढढियाना गांव निवासी लवली और हन्नी नामक युवकों पर वीरवार की रात करीब 10 बजे छह-सात आरोपियों ने हमला बोल दिया। चाकुओं से लैस हमलावरों ने दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ वार किए। इससे दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े। घायल युवकों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, इससे पहले आरोपी मौके से फरार हो गए। लोगों की मदद से परिजन घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टर ने लवली को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से जख्मी हन्नी को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों और अन्य लोगों के बयान दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी की ढढियाना गांव के ही बताए जा रहे हैं और घटना के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया जा रहा है।