अंबाला। दिवाली पर घर आए सुंदर नगर निवासी 25 वर्षीय दीपक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जाता है कि युवक नशे का आदि था। दीपक छोटी दिवाली पर गुरुग्राम से पत्नी और डेढ़ साल के बच्चे के साथ घर आया था। शनिवार शाम को घर से चला गया था। काफी ढूंढने पर भी सुराग नहीं लगा। आखिर में परिजनों ने पड़ाव थाना पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के जरिये युवक के शव को ढूंढा। परिजनों ने बताया कि दीपक शनिवार रात से ही कॉल नहीं उठा रहा था। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन के आधार पर सर्च किया तो दीपक का शव घर से कुछ दूरी पर ही सुंदर नगर में गुरुद्वारा के नजदीक नीम के पेड़ के पास पड़ा मिला। जांच अधिकारी बलकार सिंह ने बताया कि उन्होंने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया था। जांच के दौरान देखने में आया कि दीपक की बाजू पर इंजेक्शन के निशान थे। आशंका है कि दीपक की मौत नशे की ओवर डोज लेने से हुई है। मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।