अंबाला। अपराधियों व संदिग्ध वाहनों के खिलाफ अंबाला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने एक शातिर चोर को पकड़ा है। आरोपी पंजाब के लुधियाना से चुराई बाइक पर हरियाणा का फर्जी नंबर लगाकर घूम रहा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान कैंट के डेहा कॉलोनी निवासी विवेक उर्फ गोलू के रूप में हुई है। रेजिमेंट चौकी प्रभारी सहायक उप-निरीक्षक सुखबीर सिंह व सहायक उप-निरीक्षक टिकम सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम नाकाबंदी पर तैनात थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। जब पुलिस टीम ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी बाइक किसी ग्राहक को बेचने की फिराक में घूम रहा था। आरोपी पर कैंट थाने में चोरी से संबंधित करीब 6 मामले दर्ज हैं। मंगलवार कोर्ट में पेश कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।