अंबाला। शहर के मंजी साहिब गुरुद्वारे के मीरी पीरी यात्री निवास में रहने के बहाने एक व्यक्ति ने काउंटर से 19,500 रुपये चोरी कर लिये। यात्री निवास में बतौर सहायक काम करने वाले जतिंद्र सिंह ने बुधवार सुबह जब दराज खोला तो उसे रुपये चोरी होने का पता चला। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। हालांकि युवक सीसीटीवी में कैद हो गया और उसका पता व आधार हेल्पर ने रात को जमा कर दिया था।
पुलिस को दी शिकायत में करनाल के राहड़ा गांव निवासी जतिंद्र सिंह ने बताया कि वह अंबाला सिटी के मंजी साहिब गुरुद्वारा में बतौर हेल्पर काम करता है। 19 मार्च को वह गुरुद्वारे के ही मीरी पीरी यात्री निवास गुरुद्वारा में यात्रियों के ठहराव का इंद्राज अपने रजिस्टर में कर रहा था। साथ ही यात्रियों की देखरेख भी कर रहा था। 19 मार्च को एक युवक रात के समय ठहरने के आया। उसके आने के बाद वह ठहराने का प्रबंध करने लगा और दूसरे कामों में लग गया। अगले दिन सुबह काउंटर के दराज में पैसे चैक किए तो करीब 19 हजार 500 रुपये गायब थे। जब यात्री निवास में लगे सीसीटीवी खंगाले तो युवक उसमें कैद हो गया। रजिस्टर में युवक की एंट्री की गई तो उसमें उसका नाम पटियाला के न्यू महमूदपुर गांव निवासी मनिंद्र सिंह के रूप में हुई। पते के साथ उसका आधार कार्ड भी जमा था।