अंबाला। छावनी में विकास कार्यों की कछुआ चाल पर अब नगर परिषद प्रशासन ने सख्ती करने का फैसला किया है। लंबित पड़ी परियोजनाओं को लेकर कार्यकारी अधिकारी ने अभियंताओं की बैठक बुलाई है। बैठक में स्पष्ट कर दिया गया है कि जिन ठेकेदारों ने पिछली चेतावनी के बावजूद काम में तेजी नहीं दिखाई, उन्हें अब ब्लैक लिस्ट सूची में डालने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एक माह का अल्टीमेटम हुआ खत्म : बता दें कि पिछली समीक्षा बैठक में कार्यकारी अधिकारी ने अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को एक माह के भीतर पूरा करने की सख्त हिदायत दी थी। सूत्रों के अनुसार, कई परियोजनाओं में अभी भी लापरवाही बरती जा रही है, इससे छावनी वासियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अब ईओ ने सभी जूनियर इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों से मौके की ताजा रिपोर्ट तलब की है।