अंबाला शहर में पटवारियों की हड़ताल खत्म होने की जानकारी देते पटवारी
अंबाला सिटी। द रेवन्यू पटवार और कानूनगो एसोसिएशन के आह्वान पर वेतन बढ़ोतरी 37 दिनों से धरने पर बैठे पटवारी और कानूनगो को धरना समाप्त हो गया। सरकार और पटवारियों के बीच सहमति बन गई। ऐसे में सोमवार से पटवारी अपने कामकाज पर लौटेंगे तो तो उन्हें नई चुनौतियों को सामना करना पड़ेगा।
उन्हें एक तरफ गिरदावरी तो दूसरी और लंबित फाइलों का निपटान करना होगा। प्रधान राजेश कुमार पटवारी ने बताया कि 37 दिनों के धरने के कारण 12 हजार के करीब इंतकाल, 8 हजार जमाबंदी की नकल, दो हजार के करीब रजिस्ट्री, दो हजार जाति प्रमाण पत्र, एक हजार मूल निवास प्रमाण पत्र, लंबित कोर्ट केस, लोन संबंधित काम व अन्य काम पेंडिंग है जिन्हें जल्द ही पूरा किया जाएगा। सोमवार से जिले के सभी पटवारखानों में आमजन के कामकाज सुचारू रूप से चलेंगे।
एसोसिएशन प्रधान राजेश कुमार के अनुसार पटवारियों की मांगों को लेकर जो संघर्ष चल रहा था। उसपर सरकार ने संज्ञान लेते हुए विभिन्न प्रकार से वेतनमान की विसंगतियों को दूर करने का निर्णय लिया है। जिसमें सरकार द्वारा वर्ष 1997, 2011 में तीन, 2016 में दो तीन, 2019 में दो बार इंक्रीमेंट लगाने की घोषणा की है। इस पर सभी पटवारियों ने सहमति दे दी है। सोमवार को सभी पटवारी अपने कामकाज पर लौटेंगे। वहीं इन दिनों जहां लोगों के रुके हुए कार्यों का निपटान किया जाएगा, वहीं किसानों की गिरदावरी के कार्यों को प्राथमिकता से लिया जाएगा। सभी पटवारियों को एसोसिएशन की ओर से दिशा निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं कि वह तुरंत प्रभाव से किसानों की गिरदावरी से संबंधित कार्य करें, ताकि किसानों को अपनी आगामी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।