संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी के उपमंडल कार्यालय स्थित तहसील में वेब हेलरिस पोर्टल बंद होने के चलते दो दिन से लोगों की जमाबंदी, इंतकाल और रजिस्ट्री से संबंधित काम नहीं हुए और लोग अपने अपने काम करवाने के लिए दोपहर बाद तक तहसील बैठे इंतजार करते रहे।
यही हालात अंत्योदय सरल केंद्र में भी देखने को मिले जहां परिवहन डॉट जीओवी डॉट इन और सारथी पोर्टल बंद रहा। इससे लाेगों के सिखलाई ड्राइविंग लाइसेंस , स्थाई ड्राइविंग लाइसेंस, डुप्लीकेट ड्राइविंग लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस नवीकरण, परिचालक लाइसेंस, नए वाहन का पंजीकरण, वाहन मलकीयत का हंस्तांरण, अनापत्ति प्रमाण पत्र व डुप्लीकेट आरसी से संबंधित कोई भी काम नहीं हुए। अधिकतर लोग घंटों इंतजार करने के बाद वापस अपने घर लौट गए तथा कई लोग पोर्टल खुलने का इंतजार करते रहे।
नहीं मिल रही जमाबंदी
छावनी के वशिष्ठ नगर निवासी 60 वर्षीय जरनैल कौर ने बताया कि उसे जमाबंदी लेनी है। वह लगातार तीन दिन से परेशान हो रही है। कल भी आई थी जमाबंदी नहीं मिली। आज सुबह नौ बजे आ गई थी। अभी एक बजे तक काम नहीं हो सका है।
फर्द लेने के लिए भटक रहे
माजरी निवासी कर्म सिंह ने बताया कि वह रोडवेज से रिटायर्ड है। फर्द लेनी है, बुधवार को भी तीन घंटे तक इंतजार करते रहे। वीरवार को भी तीन घंटे हो गए है। पोर्टल नहीं चल रहा है। थोड़ी देर और इंतजार करके वापस घर चला जाऊंगा।
दो घंटे से कर रहा इंतजार
बब्याल निवासी बंटी कुमार ने बताया कि गाड़ी की पासिंग के बाद उसने ऑनलाइन पेमेंट करनी है। अंत्योदय सरल केंद्र में पोर्टल नही चल रहा है वह दो घंटे से पोर्टल के चलने का इंतजार कर रहा हूं। इससे काफी परेशानी हो रही है।
लर्निंग टेस्ट देने के लिए इंतजार
बोह निवासी बृज भूषण गुप्ता ने बताया कि बेटे शिवम का ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना है। वह बेटे के साथ सुबह सरल केंद्र में आए थे। साइट बंद होने के कारण दो बज चुके है। उन्हें इंतजार करते हुए पांच घंटे हो गए और साइट नहीं चली है।
पोर्टल चलने का इंतजार
महमूदपुर निवासी कार्तिक ने बताया कि उसने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना है। इसके लिए उसने कंप्यूटर पर टेस्ट देना है, वह दो घंटे से साइट चलने की इंतजार कर रहा है। अभी तक साइट नहीं चली। कल फिर आना पड़ेगा।
बुधवार दोपहर से वेब हेलरिस पोर्टल बंद है जिसके कारण दो दिन से जमाबंदी, इंतकाल और रजिस्ट्री का कोई काम नहीं हुआ है। वहीं पोर्टल बंद होने के कारण गिरदावरी की रिपोर्ट भी अपलोड नहीं कर पा रहे हैं। - सुनील कुमार, नायब तहसीलदार, अंबाला छावनी।