अंबाला। अग्निवीर भर्ती के तहत सात से 10 नवंबर तक महिलाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया होगी। इसको लेकर आर्मी के भर्ती निदेशक बीएस बिष्ट ने बताया कि अग्निवीर महिला (सैन्य पुलिस) भर्ती रैली में हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली और चंडीगढ़ की अभ्यर्थी हिस्सा लेंगी। सभी महिला उम्मीदवारों को एक सरकारी चिकित्सक (न्यूनतम एमबीबीएस योग्यता धारक) से एक नो प्रेगनेंसी चिकित्सा प्रमाणपत्र साथ लाना होगा। किसी भी महिला उम्मीदवार को नो प्रेगनेंसी प्रमाणपत्र के बिना भर्ती रैली में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि भर्ती के दृष्टिगत महिला अभ्यर्थियों व उनके अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने धर्मशालाओं की व्यवस्था की है। इनमें रैन बसेरा नजदीक छावनी, वाल्मीकि धर्मशाला नजदीक गुरुद्वारा साहिब व खेड़ा टुंडला, पंजाबी कम्युनिटी सेंटर धर्मशाला बोह, गुरु गोबिंद सिंह कम्युनिटी सेंटर बोह-बब्याल, महाराणा प्रताप धर्मशाला बब्याल, हरिजन धर्मशाला कलरेहड़ी, कश्यप धर्मशाला बोह, वाल्मीकी चौपाल कलरेहड़ी, कम्युनिटी सेंटर बोह, अंबेडकर भवन (धर्मशाला) बब्याल, धर्मशाला टुंडला मंडी, रामदासिया धर्मशाला कलरेहड़ी, धर्मशाला बोह व आंबेडकर धर्मशाला बब्याल शामिल हैं।