कोरोना संकट में महिला लाभार्थियों के जन धन खातों में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत मई माह के अनुदान की दूसरी किस्त आनी शुरू हो गई है। अग्रणी बैंक अधिकारी डीके गुप्ता ने बताया कि बैंकों में भीड़ से बचने के लिए सरकार द्वारा इन खातों में से पैसा निकालने के लिए क्रम जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि जिन महिला खाताधारकों की खाता संख्या का अंतिम अंक 0 व 1 है वे 4 मई को अपनी बैंक शाखा से पैसा निकलवा सकती हैं। इसी प्रकार जिन महिला खाताधारकों की खाता संख्या का अंतिम अंक 2 व 3 है, वे खाताधारक 5 मई को, 4 व 5 अंतिम अंक के खाताधारक 6 मई को, 6 व 7 अंतिम अंक की खाताधारक 8 मई को तथा 8 व 9 अंतिम अंक खाताधारक महिलाएं 11 मई को बैंक शाखा में आकर पैसे निकलवा सकती हैं। इसी क्रम में आगे बताया कि जो खाता धारक इन तिथियों पर खाते से पैसा निकलवाने के लिए नहीं आ सकते, वो 11 मई के बाद बैंक, बैंक मित्र, बैंक द्वारा नियुक्त ग्राहक सेवा केंद्र, एटीएम या इलाके में कार्यरत पोस्टमैन से निकासी प्राप्त कर सकते हैं।