पति को छोड़कर दिल्ली में प्रेमी के साथ रह रही एक महिला ने अपने मायके वालों के फोन पर सुसाइड नोट भेजा है। उसमें लिखा कि प्रेमी उसे काफी पीटता है, वही उसकी मौत का जिम्मेदार है। परेशान होकर परिवार के सदस्य जब उसे मिलने के लिए उसके घर गए तो वहां पर ताले लटके मिले। कॉल की तो फोन भी बंद मिला। अंबाला लौटे परिवार ने महेशनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी है। अमिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी रितिका की शादी दिल्ली में मनीष के साथ 14 साल पहले हुई थी। कुछ समय पहले रितिका ने मनीष को छोड़ दिया और उसके बाद दीपक के साथ रहने लगी है। दो-तीन दिन से वह अपनी बहनों से फोन पर बातचीत कर रही थी। एक सुसाइड नोट भी भेजा, जिसमें लिखा था कि दीपक उसे पीटता है। सुसाइड नोट में मौत के लिए उसने दीपक को जिम्मेदार बताया है। महेशनगर थाना प्रभारी सुरेश दलाल के अनुसार लापता महिला अपने पति से अलग होकर एक व्यक्ति के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही है। उसने उसी व्यक्ति पर मारपीट के आरोप लगाते हुए अपने परिवार को एक सुसाइड नोट भेजा है। उसके फोन नंबर बंद आ रहे हैं। केस सुलझाने के प्रयास जारी हैं।