अंबाला। एफसीआई कर्मचारी को हनीट्रैप के मामले में फंसाने को लेकर परत-दर-परत खुलती जा रही है। मामले में मुख्य आरोपी और पीड़ित की बैंक मैनेजर पत्नी को पुलिस ने एक दिन के रिमांड के बाद शुक्रवार को जेल भेज दिया। पूछताछ के आधार पर मामले में संलिप्तता उजागर होने पर महेश नगर के एसएचओ सुभाष को भी निलंबित कर दिया गया है, जबकि बैंक मैनेजर पत्नी के दोस्त गौरव की तलाश की जा रही है। अब पुलिस ने आरोपी गौरव पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।
बताया जा रहा है कि एफसीआई कर्मी का अपनी बैंक मैनेजर पत्नी प्रीति से कोर्ट में तलाक को लेकर केस चल रहा है। इस कारण प्रीति ने अपने दोस्त गौरव और एसएचओ सुभाष के साथ मिलकर साजिश रची थी। इसके तहत महिला को भेजकर झूठे मामले में एफसीआई कर्मी को हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश की गई और फिर उस पर झूठा केस दर्ज कराया गया।
जानकारी के अनुसार एफसीआई में तैनात मनोज कुमार का दिसंबर 2021 में दिल्ली से अंबाला सिटी में ट्रांसफर हुआ था। मनोज कुमार ने सेक्टर-9 के क्षेत्र में किराए पर मकान लिया था। सितंबर 2022 को रवनीत कौर नामक एक महिला मनोज के घर आई थी, जिसने किराए पर कमरा लेने की बात कही थी, लेकिन मनोज कुमार ने मना कर दिया था। इसके बाद रवनीत कौर ने सेक्टर-9 पुलिस थाने में शिकायत सौंपकर मनोज के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया था। पुलिस पूछताछ में मनोज ने खुद को निर्दोष बताया था। जांच में भी मामला झूठा पाया गया और इसके पीछे बैंक मैनेजर पत्नी की साजिश सामने आई।
मनोज कुमार ने खुद को निर्दोष साबित करते हुए 18 अक्तूबर को थाना सेक्टर-9 अंबाला सिटी में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें बताया कि 12 अक्तूबर को आरोपी रवनीत कौर ने अन्य लोगों के साथ मिलकर रुपये ऐंठने की नीयत से झूठा मुकदमा दर्ज करा जान से मारने की धमकी दी। एसआईटी ने मामले की गहनता से जांच करते हुए मामले का खुलासा किया। बताया गया कि मनोज कुमार और उसकी पत्नी प्रीति का कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है। प्रीति के दोस्त गौरव ने एसएचओ सुभाष को उससे मिलवाया था। आरोप है कि प्रति के कहने पर गौरव और एसएचओ ने मिलकर मनोज कुमार को झूठे केस में फंसाया। यही कारण है कि जब एसएचओ सुभाष को भनक लगी कि एसआईटी ने प्रीति को गिरफ्तार किया तो वह थाने के मुंशी को सरकारी मोबाइल नंबर सौंपकर गायब हो गया। एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा के अनुसार मामले में आरोपी एसएचओ को निलंबित कर नोटिस जारी किया जा रहा है। वहीं गौरव पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इससे पहले मामले में बैंक मैनेजर पत्नी और दो अन्य आरोपी महिलाएं रवनीत कौर व एक अन्य महिला सुखप्रीत को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब सेक्टर-9 में दर्ज झूठे मुकदमे को खारिज किया जाएगा। शुक्रवार को यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना रहा।
इस तरह खुली मामले की परतें
हनीट्रैप के फर्जी मामले में जब पुलिस ने आरोपी रवनीत कौर को गिरफ्तार किया तो पूछताछ में उसने अपनी साथी सुखप्रीत का नाम बताया। फिर पता चला कि इसी महिला ने यमुनानगर के महिला थाने में भी एक बड़े कारोबारी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। आरोपी कारोबारी का प्रॉपर्टी को लेकर उसके सगे भाई के साथ विवाद चल रहा है। उसने ही हनीट्रैप में फंसाने के लिए सुखप्रीत समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर कारोबारी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। फिर उससे पूछताछ में पता चला कि मामले में मनोज की बैंक मैनेजर पत्नी प्रीति का हाथ है।