मुलाना। कालपी गांव में लोन लेने से मना करने पर पति ने पत्नी पर लात-घूंसों व डंडे से हमला कर दिया। बचाने आई बेटी और मां के साथ भी आरोपी ने मारपीट की। हमले में आरोपी की मां, पत्नी और बेटी घायल हो गए। मुलाना पुलिस ने पत्नी पूनम की शिकायत पर आरोपी पति अशोक कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता पूनम ने बताया कि मकान पर लोन लेने की बात से मना करने के बाद पति गुस्से में आ गए और उसके बाल खींचते हुए पीटने लगे। कई बार लात-घूसों से हमला किया। जैसे ही बेटी बचाने आई तो पिता ने उसके साथ भी मारपीट की। पति से बचने के लिए घायल महिला बेटी को लेकर देवर के घर पहुंची। थोड़ी देर बाद ही पति वहां डंडा लेकर आ गया और पत्नी व बेटी पर डंडे से हमला करने लगा। इसी दौरान उसकी सास बीच में आ गई और उसने उसे और बेटी को साइड में कर दिया। यह देख आरोपी ने अपनी मां पर ही डंडे से हमला कर दिया। वह जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।