अंबाला सिटी। गेहूं खरीद सीजन एक अप्रैल से शुरू होगा। सीजन के लिए जिले की मंडियों में तैयारी शुरू हो गई है। जहां जिले की कई मंडियों में पीने के पानी के कूलर और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराया जा रहा है। कई मंडियों में अभी सफाई नहीं है।
जिले की बात करें पिछले वर्ष 22 लाख 22 हजार 50 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई थी। इस बार गेहूं की पैदावार ज्यादा होने की संभावना है। सरकार की ओर से गेहूं का 2275 रुपये प्रति क्विंटल रेट तय किया गया है। वहीं, एक अप्रैल से मंडियों में गेहूं की आने की संभावना कम है, क्योंकि अभी गेहूं की फसल पकी नहीं है। बारिश और ओलावृष्टि के बाद फसल कुछ दिनों तक लेट होगी। जिले में 14 मंडियां हैं। इनमें अंबाला शहर, अंबाला छावनी की बड़ी मंडी है।
आढ़तियों से प्रशासन की कोई बैठक नहीं
मार्केट कमेटी अंबाला शहर के पूर्व वाइस चेयरमैन एवं आढ़ती भारतभूषण अग्रवाल ने बताया कि पिछले करीब तीन वर्ष से शहर मंडी में कैंटीन के लिए निविदा जारी नहीं हुई। इससे मंडी में आने वाले किसानों को खाने के लिए परेशानी होती है। किसान दिन और रात मंडी में फसल लेकर पहुंचते हैं। शहर मंडी में सेक्टर-8 और पुल की तरफ नालों की सफाई को दुरुस्त नहीं कराया है। इससे मंडी में सीजन के दौरान परेशानी आती है। इन दोनों नालों से मंडी से पानी की निकासी होती है। अभी तक मंडी में बारदाना भी नहीं पहुंचा है, जबकि हर वर्ष 80 प्रतिशत बारदाना मंडियों में पहुंच जाता है। इसके अलावा प्रशासन की ओर से भी आढ़तियों की बैठक सीजन को लेकर नहीं ली गई है।
पिछले सात वर्ष के गेहूं का एरिया व पैदावार के आंकड़े
वर्ष एरिया हेक्टेयर में पैदावार
2017 87 हजार 4 लाख 5 हजार टन
2018 88 हजार 4 लाख 18 हजार टन
2019 90.9 हजार 3 लाख 80 हजार टन
2020 94 हजार 4 लाख 75 हजार टन
2021 88 हजार 3 लाख 78 हजार टन
2022 88.8 हजार 4 लाख 12 हजार टन
वर्जन
शहर नई अनाज मंडी में सफाई को लेकर कार्य शुरू करवा दिया है। पानी के कूलर भी ठीक कराए हैं। एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होनी है। अबकी बार 2275 रुपये सरकार की ओर से गेहूं का रेट तय किया गया है।
दिलेल सिंह, सचिव, मार्केट कमेटी, अंबाला शहर।