अंबाला। सिटी के न्यू विजय नगर स्थित ससुराल में पत्नी संग आए व्यक्ति के गले से बदमाश ने सोने की चेन झपट ली। वारदात उस समय हुई जब पीड़ित व्यक्ति पार्किंग में गाड़ी खड़ा करने लगा। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाश चेन छीनकर फरार हो गए।
पुलिस को दी शिकायत में मोहाली के सेक्टर-55 निवासी विनोद कुमार ने बताया कि 30 अगस्त को अपनी कार में पत्नी सुदेश भाटिया को साथ लेकर सिटी के न्यू विजय नगर अपने ससुराल गया था। इस दौरान जैसे ही वह पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने लगे तो बाइक सवार दो बदमाश आ धमके। वे कुछ समझ पाते, इससे पहले कार के शीशे में हाथ डालकर एक बदमाश ने सोने की चेन झपट ली। फिर दूसरे बाइक सवार के संग फरार हो गया। शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगाले, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।