बराड़ा के रेलवे अंडरपास में जलभराव। संवाद
बराड़ा। दो दिनों से जारी बारिश के कारण अंडरपास की दीवारों से लगातार हो रहे रिसाव और जल निकासी के पुख्ता इंतजाम न होने से यहां करीब डेढ़ फुट पानी जमा हो गया है। अंधेरे और पानी के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए जान जोखिम में डालकर गुजरना मजबूरी बन गया है। पैदल यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है, क्योंकि वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना समय साध्य है। दशकों से आवागमन का मुख्य केंद्र रहा यह अंडरपास अब हादसों को न्योता दे रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन व रेलवे से तत्काल जल निकासी और रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है।