जिला परिषद की पहली बैठक रविवार को तय की गई थी। इस बैठक में जिला परिषद के सभी पंद्रह सदस्यों ने उपस्थित रहते हुए चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चुनाव करना था। भाजपा और इनेलो दोनों पार्टियां दावा कर रही थी कि जिला परिषद का चेयरमैन और वाइस चेयरमैन वे अपना बनाएंगी, लेकिन बहुमत किसी भी पार्टी के साथ नहीं था। लिहाजा इनेलो से जोड़तोड़ की कमान जिलाध्यक्ष शीशपाल जंदेड़ी ने संभाली हुई थी, उधर भाजपा से जोड़तोड़ की कमान राज्यमंत्री नायब सैनी के कंधों पर थी। भाजपा से सिटी विधायक असीम गोयल इसमें उनका पूरा साथ दे रहे थे। रविवार सुबह तक भाजपा की ओर से जोड़तोड़ की कोशिशें जारी रही, लेकिन नियमानुसार भाजपा बैठक का कोरम पूरा करने में नाकाम रही। भाजपा के मंत्री और विधायक अपने सदस्यों को किंगफिशर रिजोर्ट में लेकर बैठे रहे, उधर, इनेलो समर्थित जिला परिषद सदस्य भी बैठक से नदारद रहे। जबकि एकमात्र बसपा के जिला परिषद सदस्य भी बैठक में नहीं पहुंचे।
दूसरी ओर, जिला परिषद की अध्यक्षता करने वाली एडीसी मोनिका मलिक और उनका स्टाफ एक घंटे तक इंतजार करता रहा। ग्यारह से बारह बजे तक जब कोई भी बैठक में नहीं पहुंचा, तो उन्होंने बैठक रद करने की घोषणा की। जबकि उन्होंने बैठक के दौरान जिला परिषद के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव की पूरी तैयारी कर रखी थी। लेकिन कोई जिला परिषद का सदस्य ही बैठक में नहीं पहुंचा।
इस बार ये जीते हैं जिला परिषद सदस्य
वार्ड नंबर एक से दर्शनी देवी, वार्ड नंबर दो से डा. नीना गुप्ता, वार्ड तीन से रजनीश, वार्ड चार से जिया लाल, वार्ड नंबर पांच से सुरेंद्र सिंह राणा, वार्ड नंबर छह से गुरविंदर सिंह, वार्ड नंबर सात से गीता देवी, वार्ड नंबर आठ से दीदार सिंह, वार्ड नंबर नौ से मंदीप राणा, वार्ड नंबर दस से दलबीर सिंह पूनिया, वार्ड नंबर ग्यारह से करनैल सिंह नगला, वार्ड नंबर बारह से मक्खन सिंह लबाना, वार्ड नंबर तेरह से सरोज रानी, वार्ड नंबर चौदह से सीमा देवी और वार्ड नंबर पंद्रह से गगनदीप ने जीत दर्ज की है।
नेताओं की अपनी-अपनी ढपली, अपना-अपना राग
रविवार को भले ही कोरम पूरा न होने की वजह से अंबाला में जिला परिषद के चेयरमैन व वाइसचेयरमैन के चुनाव टल गए, लेकिन यहां अंबाला में भाजपा और इनेलो नेताओं ने जीते पंद्रह जिला परिषद सदस्यों में से ज्यादा सदस्य अपने खेमे में होने का दावा किया है।
भाजपा की ओर से जोड़तोड़ कर चेयरमैन और वाइस चेयरमैन बनाने की जिम्मेदारी निभा रहे राज्यमंत्री नायब सैनी कहते हैं कि 15 में से 9 जिला परिषद सदस्य भाजपा के खेमे में हैं, कोरम पूरा करने के लिए 10 सदस्यों की जरूरत थी, एक सदस्य कम था, इसलिए रविवार को चुनाव टल गया। लेकिन अगली बैठक में दो तिहाई कोरम की जरूरत नहीं पड़ेगी, लिहाजा भाजपा अपना चेयरमैन और वाइस चेयरमैन बना लेंगे।
लेकिन दूसरी ओर, अंबाला में इनेलो के जिलाध्यक्ष शीशपाल जंदेड़ी का दवा है कि 15 में से 9 जिला परिषद सदस्य इनेलो के खेमे में हैं, उनका कहना है कि दसवां बसपा का प्रत्याशी भी इनेलो के खेमे में हैं। उनके अनुसार इनेलो मक्खन सिंह लबाना को चेयरमैन बनाना चाहती है, यदि भाजपा को मंजूर है, तो वह बात आगे बढ़ा सकती है। उनके अनुसार भाजपा तो अभी तक यही तय नहीं कर पाई है कि उनकी ओर से चेयरमैन का दावेदार कौन है?
---
ग्यारह बजे जिला परिषद सदस्य की बैठक का समय था। जिसमें चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद के लिए चुनाव होने थे। बारह बजे तक सदस्यों का इंतजार किया गया, लेकिन कोई सदस्य नहीं पहुंचा। इसलिए बैठक को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। अगलीद तारीख की घोषणा बाद में तय की जाएगी।
-मोनिका मलिक, एडीसी, अंबाला-
------
सिटी उपचुनाव: दिखी वोटरों की बेरुखी, फिर भी जीती भाजपा
-वार्ड नंबर चार के उपचुनाव में हुआ सिर्फ 50.23 प्रतिशत मतदान
अंबाला सिटी। रविवार को ही अंबाला सिटी में नगर निगम के वार्ड नंबर चार के उपचुनाव में भले ही वोटरों ने ज्यादा उत्साह नहीं दिखाया। वार्ड में केवल 50.23 प्रतिशत ही मतदान हुआ। लेकिन उसके बावजूद भाजपा की प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। कांटे की टक्कर में उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी कांग्रेस की मेघा गोयल को 833 वोटों से हराया।
ये चुनाव जहां भाजपा के सिटी विधायक असीम गोयल की प्रतिष्ठा का सवाल था, वहीं कांग्रेस के प्रदेश सचिव हरीश सासन समेत इस वार्ड से कांगे्रस के पूर्व पार्षदों की साख भी हार-जीत से जुड़ी थी। क्योंकि ये गढ़ शुरू से ही कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा है। लेकिन भाजपा ने इस बार कांगे्रस के गढ़ में सेंधमारी करते हुए अपने प्रत्याशी को जीत दर्ज करवाई है। अंबाला भाजपा समेत सिटी विधायक खुद इस वार्ड में प्रत्याशी की जीत के लिए काम कर रहे थे।
उल्लेखनीय है कि इस वार्ड में कुल 17731 मतदाता हैं, जिनमें 9465 पुरुष और 8266 महिला मतदाता है। लेकिन रविवार को हुए चुनाव में केवल 8907 मतदाताओं ने ही अपने मत का इस्तेमाल किया। इसके लिए छह भवनों में 16 बूथ बनाए गए थे। जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी मीनाक्षी कपूर, कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मेघा गोयल और आजाद प्रत्याश्याी अनु मैदान में थी। शाम तक वोटिंग चली और देरशाम पंचायत भवन में चुनाव की मतगणना की गई।
मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी मीनाक्षी कपूर को विजयी घोषित किया गया। मीनाक्षी कपूर को 4777 वोट मिले, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी मेघा गोयल को 3944 वोट तथा आजाद उम्मीदवार अनु शर्मा को 186 वोट मिले। चुनाव परिणाम घोषित होते ही भाजपा समर्थकों ने जबरदस्त हूटिंग करते हुए अपनी खुशी जाहिर की।
जबकि देरशाम तक वार्ड में ढोल की थाप पर समर्थक झूमते रहे और लड्डू बांटे गए। वार्ड में प्रचार प्रमुख विनोद गर्ग ने कहा कि ये जीत जनता की जीत है और भाजपा के काम की जीत है। इसलिए जीत की बधाई की हकदार प्रत्याशी के साथ-साथ वार्ड की जनता भी है। उनके अनुसार हालांकि बारिश होती रही, लेकिन फिर भी वोटरों ने घरों से निकलकर अपने भाजपा के प्रत्याशी को जितवाया।
---
वार्ड नंबर चार की जीत भाजपा के विकास की जीत है। हमारा लक्ष्य सिर्फ सिटी का विकास करवाना है। जिसकी शुरूआत हो चुकी है। इसी काम को देखते हुए वार्ड चार के लोगों ने भाजपा प्रत्याशी को जितवाया है। इसके लिए भाजपा जनता का आभार व्यक्त करती है। अब नगर निगम में भाजपा के पास पार्षदों की संख्या चार से बढ़कर पांच हो गई है।
-असीम गोयल, सिटी भाजपा विधायक-