अंबाला। नगर परिषद के वार्ड नंबर 12 में मुख्य लाले का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण कार्य का शुभारंभ रविवार को पार्षद सतीश धीमान ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर किया। इस कार्य के लिए पार्षद ने मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार नायब सिंह सैनी के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार प्रकट किया और कहा, सलारेहड़ी गांव में अत्यंत महत्वपूर्ण विकास कार्य होने जा रहे हैं। गांव की फिरनी तथा गांव के मुख्य नाले का निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड की लगभग सभी कॉलोनियों और गांवों में सड़क, नालियां, स्ट्रीट लाइट, पेयजल व्यवस्था और जल निकासी से जुड़े कार्य निरंतर चल रहे हैं। फिरनी और मुख्य नाले के निर्माण से गांववासियों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और यहां स्वच्छता, सुगम आवाजाही और जल निकासी की स्थिति भी काफी बेहतर हो जाएगी। उन्होंने कहा, गांव और कॉलोनियों में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में भी विशेष कार्रवाई शुरू कर दी गई है।