ग्राम सचिव पर 60 हजार रुपये रिश्वत लेने के लगाए आरोप, मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। गांव सरकपुर के रहने वाले व्यक्ति ने उसके भाई की लाल डोरे की जमीन को अपने नाम कराने की एवज में ग्राम सचिव पर 60 हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप जड़ते हुए पुलिस अधीक्षक अंबाला को शिकायत सौंपी। जिसके आधार पर मुलाना पुलिस ने आरोपी ग्राम सचिव नेत्रपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक अंबाला को दी शिकायत में मोहनलाल निवासी सरकपुर ने बताया कि उसका भाई सोनू जिसकी शादी 10-12 साल पहले हुई थी और उसके पास कोई बच्चा नहीं था और उसकी पत्नी उसके मरने से पहले ही उसे छोड़ कर चली गई थी। शिकायत के अनुसार सोनू की देखभाल व मरणोपरांत के सभी कार्य मोहनलाल ने ही किए। शिकायत के अनुसार सोनू के मरणोपरांत उसकी माता, भाई प्रदीप व सतीश सभी सोनू की जमीन पर अपना अधिकार जताने लगे। जब मोहन लाल ने लाल डोरे की जमीन बारे कर्मचारी हरदीप कौर व योगेश से बात की तो उन्होंने पंचायत सचिव नेत्रपाल से पूछ कर बताने की बात कही है। शिकायत के अनुसार दोनों कर्मियों ने कहा कि काम करने के लिए सचिव नेत्रपाल ने 60 हजार रुपये की मांग की है। शिकायत के अनुसार मोहन लाल ने 60 हजार रुपये नेत्रपाल को दे दिए लेकिन मोहन लाल का आरोप है कि नेत्रपाल ने ना तो काम किया व ना ही रुपये वापस लौटाए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि 16 जुलाई 2022 को गांव के सरपंच के घर नेत्रपाल ने उसे 17 अगस्त 2022 को पैसे लौटाने की बात कही लेकिन उसके बाद भी वापिस कुछ नहीं दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार चार अन्य व्यक्ति राजेंद्र, सतीश, विक्की व राजेश के भी रिश्वत में लिए गए 15 -15 हजार रुपये नेत्रपाल नहीं लौटा रहा है।
बॉक्स
पुलिस कार्य प्रणाली पर भी उठाए सवाल
शिकायत के अनुसार मोहनलाल ने सीएम विंडो पर शिकायत दी जो कि मार्क होकर मुलाना थाना पहुंची। जहां जांच अधिकारी संदीप मलिक ने शिकायतकर्ता से बदतमीजी की ओर झूठे केस में फंसाकर जेल कराने की धमकी दी।
---------------------
मोहनलाल से इस बाबत कभी नहीं मिला। न ही मोहनलाल ने मुझे ऐसा कोई काम कहा। इसके भाई सोनू की लाल डोरे वाली जमीन नियमानुसार उसकी माता के नाम हो गई है। जिसे मोहनलाल अपने नाम कराना चाहता है। इसलिए यह मेरे खिलाफ रिश्वत के झूठे मुकदमे दर्ज करा कर दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है। लेकिन नियमानुसार यह जमीन उसके नाम नहीं हो सकती है। हम केवल नियमों के तहत ही काम कर रहे हैं।
- नेत्रपाल, ग्राम सचिव
------------------