कैथल। जिले में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही गांवों में अब चुनावी चौपाल सजना शुरू हो गई है। सुबह से शाम तक चौपाल, चबूतरे और सार्वजनिक स्थलों सहित कई जगह बैठकें कर उम्मीदवार पर चर्चा करने में जुटे हैं। इसी कड़ी में शहर से सटे गांव देवीगढ़ में एक चुनावी चौपाल पर बुजुर्गाें सहित अन्य लोगों से चुनावी चर्चा की।
इस चुनावी चर्चा में बुजुर्गों सहित अन्य लोगों ने विभिन्न चुनावी मुद्दों पर चर्चा की। इसमें गांव की समस्याओं का मुद्दा मुख्य रहा। लोगों का कहना था कि गांव देवीगढ़ शहर से सटा हुआ है। इसके बावजूद लोगों की जरूरतें पूरी नहीं हो पाती है। इस कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस चौपाल में कुलदीप, पवन सहित अन्य कई ग्रामीण मौजूद थे।
यह कहते हैं ग्रामीण
सड़कों का तक का नहीं हो पाया निर्माण
देवीगढ़ गांव शहर से सटा होने के बावजूद विकास कार्याें से अधूरा है। यहां पर पिछले पांच साल में सड़कों तक का निर्माण नहीं हो पाया है। इस कारण आए दिन गांव के ग्रामीण सड़कों में गड्ढों के कारण चोटिल भी होते हैं। यह भी लोगों के लिए एक मुलभूत सुविधा है।
- अनिल, ग्रामीण।
पानी निकासी का भी नहीं है प्रबंध-
गांव में पिछले कई सालों से पानी की निकासी का भी कोई प्रबंध नहीं हो पाया है। इस कारण ग्रामीणों को मानसून सहित बारिश के मौसम में सबसे अधिक परेशानी होती है। यहां पर जो सड़क का निर्माण करवाया। वह भी आधा-अधूरा है। इसे पूरा तक नहीं करवाया गया है।
- राहुल, ग्रामीण।
ग्रांट का रहा है अभाव-
गांव के विकास में ग्राम पंचायत में आने वाली ग्रांट तक नहीं आई है। यदि गांव में ही ग्रांट नहीं आई तो वहां पर विकास कैसे हो पाएगा। कुछ दिन पहले ही तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। इसमें विधायक भी शामिल थे, उस समय गांव में विकास कार्य पूरा करवाने की मांग रखी गई, लेकिन वह पूरी नहीं हो पाई है।
- रामकुमार, ग्रामीण।