अंबाला। छावनी के नागरिक अस्पताल में मंत्री अनिल विज के निशाने पर उनके साथ रहने वाले लोग जो बाद में विपक्षियों के पास जाकर राजनीति करने लगे और विरोधी बन गए और अफसर निशाने पर रहे। अफसरों में भी प्रशासनिक अफसर से लेकर नगर परिषद के अफसर खास तौर पर अब विज के रेडार पर दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने अफसरों को साफ चेतावनी दी कि वह रट लें कि काम किया है काम करेंगे नहीं तो वह यहां से ऐसों को ट्रांसफर लेकर भागने भी नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे विपक्षियों को अपने पास बैठाना बंद कर दें, अगर देख लिया तो भी वह नहीं छोड़ेंगे।
गद्दारों को नहीं छोड़ेंगे
विज ने कहा आखिर में विरोधियों को चेताया कि मेरा किसी कार्यक्रम में कोई गद्दार न आए, नहीं तो उठाकर फैंकेंगे। जो हमारे खिलाफ लड़े उनसे हमारा कोई रंज नहीं। उन्होंने क्या कहा, क्यों कहा, कोई बात नहीं क्योंकि हम भी बहुत कुछ कहते हैं लेकिन गद्दारों को नहीं छोड़ेंगे। विज ने कहा कि यहां भी कोई कार्यक्रम में बैठा हो तो उठकर बाहर चला जाए। गद्दार और नकली आदमियों को जिन्होंने हमारे सीएम और सरकार की छवि खराब की है। इनके लिए मैंने मोटा डंडा बनवाया है। एसएचओ को भी कह दिया है मोटा डंडा बना लो।
अफसरों की खिंचाई
अनिल विज ने कहा कि कहीं पेड़ सूख गया पेड़ नहीं लगाया, लाइटें बंद हो गईं तो उन्हें नहीं लगया। कैंट में इतना सुंदर पार्क बनाकर दिया पूरे को अंधेरे में कर दिया ताकि अनिल विज की छवि खराब हो। विज ने चेतावनी दी कि आज के बाद मैंने किसी अधिकारी के पास ऐसे व्यक्ति को आगे देख लिया तो मैं छोडूंगा नहीं। विज बोले नारा रट लो काम किया है काम करेंगे। अगर काम नहीं करना और सोच रहे हैं कि किसी आका के चक्कर लगाकर यहां से भाग जाऊंगा तो मैं उसे भागने भी नहीं दूंगा। टांगरी में बाढ़ आती है, मैंने बांध मंजूर करा भी दिया। मगर इन लोगों ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर बांध को बनाने नहीं दिया। विज ने कहा कि जल्द ही तीनों विभागों के अफसरों की चंडीगढ़ में बैठक लूंगा। अफसरों को कह दिया है कि सभी तैयारी कर के आना, अनपढ़ मंत्री नहीं हूं। विभाग कोई हो हमें तो हरियाणा चमकाना है। मुझे तीन विभाग दिए हैं पूरी जान लगा दूंगा। विज ने चेताया कि अफसर ध्यान रखें कि विभाग में मंत्री बदल गया है। सुबह उठते समय याद आना चाहिए काम किया है काम करेंगे। विज ने कहा कि नगर परिषद ध्यान रखे कहीं शहर में मुझे गंदगी के ढेर मिल गए तो खैर नहीं है। इसलिए कह रहा हूं सुधर जाओ।
कैंट की जनता को सैल्यूट
विज ने अंबाला कैंट की जनता को देश की सबसे समझदार जनता बताया। जिन्होंने उन्हें सात बार जीत दिलाई और चार बार लगातार जीत दी। उन्होंने कहा कि ऐसे ही लगातार कोई किसी को नहीं जिताता है कुछ तो बात होगी। उन्होंने लोगों को कहा कि आगामी पांच साल सिर्फ तोहफे दिए जाएंगे। एक मशीन आनी है, उसके आते ही जल्द हवाई अड्डे को भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने मंच से अंबाला कैंट के लोगों को सैल्यूट भी किया।
आम नागरिकों को मिलेगा फायदा - विज
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने करीब दो करोड़ की लागत से निर्मित एस्केलेटरयुक्त फुट ओवर ब्रिज परियोजना का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से नागरिक अस्पताल छावनी में रोजाना आने वाले हजारों मरीजों व आम नागरिकों को फायदा मिलेगा। इस प्रोजेक्ट की देख-रेख का कार्य नगर परिषद् अंबाला छावनी द्वारा किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में चार हैवी ड्यूटी एस्केलेटर सुरक्षा की दृष्टि से लगाए हैं। प्रत्येक एस्केलेटर की क्षमता प्रति घंटा दो हजार से ज्यादा व्यक्तियों को लाने ले जाने की हैं।