अंबाला। प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कांग्रेसियों द्वारा काले कपड़े पहनकर किए गए प्रदर्शन पर चुटकी ली। उन्होंने गुनगुनाते हुए कहा, ‘लागा चुनरी में दाग छिपाऊं कैसे, बच जाऊं कैसे’। पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा कि इस दाग को छिपाने के लिए कांग्रेसी सत्याग्रह करते हैं। महात्मा गांधी ने चोरी-चकारी के लिए सत्याग्रह नहीं किया था। सफेद कपड़े पहनने वाले कांग्रेसी अपनी काली करतूतों की वजह से काले कपड़े डालकर लोगों की तकलीफों की आड़ में और ईडी पर दबाव बनाने के लिए तांडव कर रहे हैं।
गृहमंत्री ने कहा कि अगर किसी को ईडी का समन आए और वह काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन करे तो क्या ईडी उसे छोड़ देगी। उन्होंने कहा कि आज के समय देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है, ऐसे समय में इस जश्न में शामिल न होकर राहुल गांधी व कांग्रेस तमाशे कर रही है। कांग्रेस पार्टी दावे करती थी कि हिंदुस्तान को उन्होंने आजादी दिलाई तो अमृत महोत्सव के समय सभी को इसका जश्न मनाना चाहिए था। यदि कांग्रेस प्रजातांत्रिक व्यवस्थाओं में विश्वास रखती है तो संस्थाओं को काम करने दे। कांग्रेस नेता पाक साफ हैं तो उन्हें किसी से डरने की क्या जरूरत है, एजेंसियों को उनकी कार्रवाई करने दी जाए।
शाहाबाद में मिले आरडीएक्स मामले की जांच जारी
गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि हमारी एसटीएफ ने कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में एक किलो 300 ग्राम आरडीएक्स, टाइमर, बैटरी और अन्य सामान बरामद कर अच्छा काम किया है। आरडीएक्स जिसने रखा व उसके सहयोगी को पकड़ लिया गया है। इनके तार कहां-कहां जुड़े हैं, कहां से आरडीएक्स आया व इनका लक्ष्य क्या है, इसकी जांच की जा रही है।
प्रदेश के खिलाड़ियों को किया सैल्यूट
कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को गृहमंत्री अनिल विज ने सैल्यूट किया। उन्होंने कहा कि छह पदक खिलाड़ियों ने कुश्ती में ही जीते हैं जोकि गौरव की बात है। हिंदुस्तान में पदकों की जो भूख है वह प्रदेश के खिलाड़ी पूरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने बतौर खेल मंत्री कई कार्य किए और जो वह कर सकते थे वह किया। संदीप सिंह भी बढ़िया काम कर रहे हैं।