बिजली निगम कार्यालय में अधिकारियों से बातचीत करते पूर्व मंत्री अनिल विज।
अंबाला। हरियाणा के पूर्व गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज सोमवार शाम अंबाला छावनी 12 क्रॉस रोड पर उत्तरी हरियाणा विद्युत निगम के एक्सईएन कार्यालय में एकाएक पहुंच गए। यहां आउटर लार्ज रोड पर धीमे गति से चल रहे पोल शिफ्टिंग के कार्य पर नाराजगी जताई।
विज ने मौके पर मौजूद अधिकारियों व स्टाफ को इस मामले को लेकर कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि, कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है और आखिर विभाग इस कार्य को कब पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि पोल शिफ्टिंग का कार्य अगर पूरा होगा तो ही आउटर लार्ज रोड की सड़क को नया बनाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा सड़क निर्माण रुकने के कारण स्थानीय लोगों व वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बिजली निगम अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वह प्राथमिकता से किए जाने वाले कार्य में लगातार देरी कर रहे है जोकि उन्हें कतई बर्दाश्त नहीं है।
अधिकारियों की कार्यप्रणाली से नाराज हुए पूर्व मंत्री अनिल विज ने मौके से बिजली मंत्री रणजीत चौटाला व विभाग के एमडी डा. साकेत कुमार को फोन लगाते हुए छावनी में बेहद धीमे चल रहे इस मामले से अवगत कराया। गौरतलब है कि अंबाला छावनी आउटर लार्ज रोड को नया बनाने का कार्य नगर परिषद की ओर से किया जा रहा है, मगर रोड पर पुराने बिजली पोलों के शिफ्ट नहीं होने के कारण यह कार्य धीमा चल रहा है।