अंबाला सिटी। नई फल व सब्जी मंडी में वीरवार को सुबह करीब साढ़े छह बजे एक सब्जी विक्रेता को करंट लग गया। घायल अवस्था में डायल 112 की टीम ने उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी अनिल कुमार को शहर नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अनिल के भाई राजेश ने बताया कि उसका भाई 19 वर्षीय अनिल कुमार शहर नई सब्जी मंडी में सब्जी बेचता था। वीरवार को वह मंडी के शैड से निकलकर सब्जी मंडी में ही अपने कमरे पर जा रहा था। इसी दौरान वह मंडी में लगे वाटर कूलर से पानी पीने के लिए रुका पानी पीते ही उसे झटका लगा। इसी दौरान वहां खड़ी ईआरवी ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जांच अधिकारी रघुबीर धीमान ने बताया कि उन्हें सुबह आठ बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। अनिल के चाचा राममिलन ने बताया कि वह अनिल को बहराइच लेकर जाएंगे। जहां पर उसका संस्कार किया जाएगा।