अंबाला सिटी। शिक्षा विभाग ने पहली कक्षा में दाखिले के लिए बच्चों को छह माह की छूट दे दी है। ऐसे विद्यार्थी जो एक अप्रैल 2024 को छह वर्ष के हो जाएंगे या उनकी आयु छह वर्ष होने से कुछ माह कम होगी, उनका दाखिला पहली कक्षा में किया जाएगा। इसको लेकर विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया है।
अगले शैक्षणिक वर्ष 2024-25 में कक्षा पहली में दाखिले की आयु छह वर्ष हो गई है यानी ऐसे सभी बालक जिनकी आयु एक अप्रैल 2024 को छह वर्ष होगी। वह कक्षा पहली में प्रवेश लेने के पात्र होंगे। ऐसे सभी विद्यार्थी जिनकी आयु शैक्षणिक वर्ष के आरंभ के दिन यानी एक अप्रैल 2024 को छह वर्ष से कुछ कम होगी, उन्हें शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के नियमों की अनुपालना में छह मास की छूट मिलेगी यानी एक अप्रैल से 30 सितंबर के मध्य यह विद्यार्थी जिस दिन भी छह वर्ष के हो जाएंगे। इन्हें पहली कक्षा में दाखिल कर दिया जाएगा।
वहीं, ऐसे विद्यार्थी जो निजी विद्यालयों में पूर्व प्राथमिक कक्षा में दाखिल हैं और अप्रैल से पहली कक्षा में स्तरोन्नत होने वाले हैं, उन्हें इसका पूरा लाभ दिया जाएगा। एक अप्रैल को आयु सीमा की निर्धारित अवधि पूरा न होने की स्थिति में भी उन्हें कक्षा पहली में स्तरोन्नत किया जाए यानी उन्हें पूरे वर्ष के लिए पीछे न किया जाए। आयु सीमा की यह छूट केवल इसी वर्ष और केवल पहली कक्षा के लिए होगी।
डीईईओ ने जारी की 114 मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों की सूची
जिला मौलिक शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को जिले में चल रहे 114 मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों की सूची जारी कर दी। इन स्कूलों में पहली से पांचवीं और पहली से आठवीं तक के मान्यता प्राप्त स्कूल शामिल हैं। यह सूची सभी बीईओ को भी भेजी गई है जिससे वह अपने कार्यालय में भी चस्पा कर सकें।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने बताया कि सभी बीईओ को कहा गया है कि जो निजी स्कूल जिस भी कक्षा तक मान्यता प्राप्त है, वहां उस कक्षा तक ही दाखिले करवाएं जाएं। अगर कोई स्कूल मान्यता न होने पर भी स्कूल में दाखिला करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इन मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में अंबाला वन के 37, अंबाला टू के 32, नारायणगढ़ के 14, साहा के 15, बराड़ा के 7, शहजादपुर के 7 स्कूल शामिल हैं।
नौंवी से 12वीं कक्षा तक के 166 स्कूलों की सूची जारी
इसी तरह जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले में मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों की सूची जारी कर दी है। इन स्कूलों में 166 स्कूल शामिल हैं। इन स्कूलों में नौंवी से 12वीं कक्षा तक के स्कूल शामिल हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिस कक्षा तक स्कूल मान्यता प्राप्त है, उन कक्षा तक ही दाखिले किए जाएं। उन्होंने कहा कि विभाग नए सत्र के शुरूआत में स्कूलों का निरीक्षण भी करेगा जिससे स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया को चेक किया जा सके। बता दें कि अस्थायी मान्यता वाले स्कूल नए सत्र में दाखिला नहीं कर पाएंगे। विभाग ने मार्च माह के शुरूआत में ऐसे 10 स्कूल की सूची भी जारी की थी।