अंबाला। टांगरी नदी के किनारे जगाधरी रोड से पंजाब सीमा तक अधूरे पड़े बंध निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन सख्ती के मूड में है। उपायुक्त कार्यालय ने सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखकर इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। नेशनल ह्यूमन राइट्स ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया के जिला एडवाइजर बलजिंदर सिंह सहित जिला अध्यक्ष नीरज धीमान ने बताया कि इस लापरवाही के कारण अब तक क्षेत्र में 2200 करोड़ की संपत्ति का नुकसान हो चुका है और 7 नागरिकों की जान जा चुकी है। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत इस कार्य को आपात श्रेणी में रखकर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 15 दिनों में समाधान नहीं हुआ, तो वे न्यायालय की शरण लेंगे। प्रशासन ने विभाग को प्रार्थी को भी कार्रवाई से अवगत कराने को कहा है।