अंबाला। राजीव गांधी खेल स्टेडियम सेक्टर-10 अंबाला शहर में अंडर 11 (लड़के/ लड़कियों) की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गई। खेलों का शुभारंभ जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी मीना राठी के द्वारा किया गया। खिलाड़ियों ने भी पूरे उत्साह के साथ इन खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इसके तहत हुई 100 मीटर की दौड़ में अभिषेक और हरदीप कौर प्रथम रहे।
प्रतियोगिता में जिले के छह खंडों के लगभग 500 खिलाड़ियों वह 60 अध्यापक पहुंचे। इसके चलते मैदान में पूरा दिन खूब रौनक सजी रही। विद्यार्थियों ने भी खेल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई। इसके तहत हुई बालकों की 100 मीटर रेस में अभिषेक प्रथम, गौरिश द्वितीय, 200 मीटर में हरिंदर प्रथम, दिलीप द्वितीय रहे। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में हरदीप कौर प्रथम, रजनी द्वितीय रही। बालकों की रस्साकशी में खंड नारायणगढ़ प्रथम, खंड बराड़ा द्वितीय, बालिका वर्ग खंड अंबाला कैंट प्रथम तथा खंड अंबाला-1 द्वितीय स्थान पर रहे। इन खेलों के आयोजन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रेम नगर के प्रधानाचार्य रामचंद्र शर्मा ने पूर्ण सहयोग दिया। इस अवसर पर रविंदर शर्मा प्रवक्ता, अमरिंदर सिंह जिला खेल सहायक, राजेश कुमार, हरविंदर सिंह, मनजीत सिंह, अमित छाबड़ा, गुरदेव सिंह, राजेश शर्मा, प्रकाश चंद्र, अनिल भाटिया आदि मौजूद रहे।
-------------------