अंबाला। ताला ठीक करने आए दो लड़कों ने घर के अंदर रखी अलमारी से लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए। उन्होंने चोरी की वारदात को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया। पुलिस ने छावनी के रामनगर निवासी सेवानिवृत एयरफोर्स कर्मी दलबीर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। दलबीर सिंह ने बताया कि सात अगस्त को शाम लगभग 5:30 बजे उनकी गली में दो लड़के आए और वह ताला ठीक करा लो की आवाज लगा रहे थे। उन्हें देखकर उनकी पत्नी हरजिंदर कौर व बहु राजवंत ने उन्हें गेट का ताला ठीक करने को कहा, जब उन्हें चाबी का गुच्छा दिया तो उन्होंने चालाकी से अलमारी की चाबी को खराब कर दिया। इसके बाद जब पत्नी ने अलमारी को खोलने की कोशिश की तो वह नहीं खुली। इस दौरान दोनों लड़के ने मदद के बहाने अलमारी तक पहुंचे और अलमारी से चार तोले की चार सोने की चूड़ियां, दो तोले की सोने की चेन सहित लॉकेट व 50 ग्राम के करीब कान की बालियां चोरी कर ली और मौके से रफूचक्कर हो गए।