अंबाला। न्यू टैगोर गार्डन में दो वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजन बच्ची को उपचार के लिए छावनी नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन मौत का कारण बुखार व जुखाम बता रहे थे, जबकि डॉक्टरों को बच्ची के चेहरे पर नाक के पास निशान मिलने पर मामला संदिग्ध लगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. मुनीष ने बताया कि चेहरे पर कुछ निशान मिले हैं। इसलिए बिसरा लैब में भेज दिया है। महेश नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामपाल ने बताया कि बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। मृतक बच्ची की पहचान टैगोर गार्डन निवासी दो वर्षीय स्नेहा के रूप में हुई है। बच्ची के पिता कोरियर का काम करता है। परिजनों का कहना था कि बुखार व जुखाम से बच्ची की तबीयत बिगड़ गई थी। अलसुबह वह उपचार के लिए छावनी नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे थे।