अंबाला। अंबाला-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सेंट्रल जेल पूल पर वीरवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से तीन वाहन आपस में टकरा गए। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। हादसे के बाद राजमार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। राजमार्ग पर अमृतसर से दिल्ली की ओर आ रहे ट्रक चालक ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। इस दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और वह सीधे अगले ट्रक से जा टकराया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्विफ्ट कार भी अनियंत्रित होकर दूसरे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद पहला ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग गया। गनीमत रही कि कार की रफ्तार कम थी, जिससे कार सवार बाल-बाल बच गए। राजमार्ग पर हादसे के बाद यातायात बाधित हो गया और करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड करवाकर यातायात को सुचारू करवाया।