अंबाला। जनता दरबार में गृहमंत्री अनिल विज ने बुधवार को प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान महेशनगर क्षेत्र के दर्जनों दुकानदारों ने गृहमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने जगाधरी रोड पर सार्वजनिक शौचालय बनाने की मांग रखी। गृहमंत्री ने दुकानदारों को बताया कि उन्होंने पहले ही महेशनगर में महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग सार्वजनिक शौचालय बनाने के निर्देश दिए हैं। शौचालय निर्माण के लिए राशि प्रदान की गई है। जल्दी ही यहां सुविधाजनक शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।
दूसरी ओर, विज के समक्ष कैथल के हरसोला गांव से आए फरियादी ने शिकायत दी। उन्होंने बताया कि पूर्व में जमीन की निशानदेही के लिए तहसीलदार के पास आवेदन किया था। इसके बाद उससे हजारों रुपये की राशि ली गई। फरियादी का आरोप था कि निशानदेही के दौरान उससे पास के ही खेत मालिक व उसके सहयोगियों ने मारपीट की। गृहमंत्री ने एसपी कैथल को तहसीलदार के खिलाफ केस दर्ज करने और मामले की जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
वहीं, कैथल से आए फरियादियों ने किठाना पैक्स में करोड़ों रुपये की गड़बड़ी के आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि पैक्स स्टाफ व अधिकारी इस मामले में लिप्त हैं, मगर उनके खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। गृहमंत्री ने इस मामले में एसपी कैथल को केस दर्ज कर जांच के निर्देश दिए।
इसके अलावा करनाल में जमीनी झगड़े व मारपीट के मामले में एसपी कैथल, जींद में महिला से धोखाधड़ी व फर्जी कागजात तैयार करने के मामले में एसपी जींद, शाहाबाद में मारपीट के मामले में एसपी कुरुक्षेत्र, मारपीट के मामले में केस दर्ज न होने पर एसपी रेवाड़ी, पंचकूला में सुसाइड के मामले में पुलिस कमिश्नर पंचकूला को कार्रवाई के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की परेशानी पर लिया संज्ञान
बीती रात श्रद्धालुओं से भरी बस बिहार से श्री माता वैष्णो देवी और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन हेतु जा रही थी। श्रद्धालुओं ने आरोप लगाए कि उनकी बस को आरटीए स्टाफ ने पकड़ा और इंपाउंड कर दिया। उनका आरोप था कि बस का चालान कर उसे छोड़ने के बजाए आरटीए स्टाफ ने पूरी रात बस जब्त कर रखी। बस में महिला व बच्चे थे जोकि पूरी रात परेशान हुए। गृहमंत्री ने आरटीए को इस मामले में कार्रवाई कर श्रद्धालुओं को राहत देने के निर्देश दिए।
सिरसा में हुई हत्या, एसपी से कार्रवाई की रिपोर्ट तलब
गृहमंत्री अनिल विज के समक्ष सिरसा से आए फरियादी ने बताया कि सिरसा में दर्ज हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं। गृहमंत्री ने सिरसा एसपी से मामले में जांच और कार्रवाई की रिपोर्ट तलब की।