अंबाला सिटी। पति के साथ मोटरसाइकिल पर कार्यालय में जा रही इएसआई प्रबंधक की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतका की पहचान अंबाला सिटी की मथुरा नगरी निवासी हरजिंद्र कौर के रूप में हुई है।
पति मनोहरलाल ने बताया कि वह खुद भी रेलवे से सेवानिवृत हैं और पत्नी 54 वर्षीय हरजिंद्र कौर इएसआई अंबाला छावनी में प्रबंधक के तौर पर कार्य कर रहीं थी। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी को छावनी कार्यालय में छोड़ने के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे जब वह दोनों किंगफिशर के पास पहुंचे तो एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के कारण हरजिंद्र कौर गिर गईं और वाहन का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया।
इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका हरजिंद्र कौर के दो बच्चे हैं। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैंकड़ों वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम भी वहां पर पहुंची और महिला के शव को सिटी के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया।
बलदेव नगर थाना से जांच अधिकारी धर्मबीर ने बताया कि डायल 112 की टीम से उन्हें हादसे की सूचना मिली थी। उन्होंने परिजनों के बयान ले लिए हैं। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जिस वाहन से टक्कर लगी है उसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।
सुल्तानपुर बैरियर पर भी हुआ हादसा
इधर अंबाला सिटी के सुल्तानपुर मोड़ पर भी सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे यह हादसा हुआ था। मृतका की पहचान यूपी के जिला हरदोई की निवासी 54 वर्षीय श्यामा देवी के रूप में हुई है। वह सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए महिला को नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां पहुंंचने पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।