अंबाला। डाक विभाग ने लंबे समय से प्रतीक्षित पोस्टल सर्विस ग्रुप बी भर्ती परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया। परीक्षा का आयोजन 4 जून 2023 को किया गया था, जिसमें देशभर के डाक कर्मियों ने हिस्सा लिया था। इस परीक्षा में हरियाणा से परमिंदर अहलावत और राजेश मान दोनों ग्रुप बी अधिकारी पदोन्नत हुए हैं। वर्तमान में परमिंदर अहलावत बतौर इंस्पेक्टर पोस्ट दादरी में कार्यरत हैं, जबकि राजेश मान पोस्टमास्टर अंबाला मंडल में नियुक्त हैं। अंबाला की पोस्टल व आरएमएस बैंक के चेयरमैन सचिन खरब ने दोनों अधिकारियों के पदोन्नति पर खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जारी परिणाम के अनुसार, अलग-अलग वर्षों की रिक्तियों के आधार पर सैकड़ों कर्मचारियों को पदोन्नति के लिए चुना गया है। विभाग के सहायक महानिदेशक कृष्णा कुमार गुप्ता द्वारा यह सूची जारी की गई है।