अंबाला। कोरोना पैर पसारता नजर आ रहा है। लगातार दूसरे दिन कोरोना के दो और मरीज सामने आए हैं। शनिवार को नारायणगढ़ की 21 वर्षीय छात्रा और शहर में 76 वर्षीय बुजुर्ग में संक्रमण पाया गया।
इन दोनों ही मरीजों की कोई भी ट्रैवल हिस्ट्री नहीं थी। लक्षण मिलने पर दोनों ने नजदीकी अस्पताल में कोविड टेस्ट कराया था और रिपोर्ट के बाद संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों से उनके संपर्क में आने वालों की जानकारी जुटाकर उनके भी सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए। अभी तक अंबाला में संक्रमितों की संख्या चार तक पहुंच गई है।
वेरिएंट का पता लगाने के लिए सैंपलों को जिनोम टेस्ट के लिए दिल्ली एनसीडीसी लैब में भेजा गया है। उसकी रिपोर्ट 48 घंटे तक आएगी। तभी वेरिएंट की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। शुक्रवार को भी अंबाला सिटी में कनाडा से आने वाले 28 वर्षीय युवक व अमेरिका से आई किशोर में संक्रमण पाया गया है। सभी मरीज अपने घरों में करीब सात दिन के लिए होम आईसोलेट है।
नागरिक अस्पतालों, पीएचसी और सीएचसी से ले रहे सैंपल
स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि उनकी तरफ से पहले ही कोरोना से निपटने की तैयारी की जा चुकी है। अंबाला कैंट और सिटी के अलावा नारायणगढ़, बराड़ा, मुलाना और शहजादपुर से कोविड के लक्षण वाले मरीजों की सैंपलिंग की जा रही है। रोजाना करीब 100 सैंपल भेजे जाते हैं। विभाग के मुताबिक सेक्टर-10 पॉलीक्लीनिक में लैब भी स्थापित की गई है। कोरोना काल में यहां दिन-रात टेस्टिंग की गई और अब भी टेस्टिंग हो रही है। इस लैब की क्षमता 2500 से चार हजार टेस्ट रोजाना की है। विभाग की तरफ से शनिवार के सामने आए मरीजों से संबंधित के अलावा करीब 100 सैंपल टेस्ट के लिए भेजे हैं।
सरकारी अस्पतालों में 37 वेंटिलेटर
महामारी नियंत्रक अधिकारी डॉ. सुनील हरी ने बताया कि विभाग कोविड के लिए पहले से ही सतर्क हैं और सभी तैयारियां पूरी है। 20 दिसंबर से जिले में सैंपलिंग लेकर उसकी जांच की जा रही है। उनका कहना है कि कोविड आज उसी तरह से है, जैसे डेंगू, टाइफाइड हमेशा से थे और हमेशा के लिए है और रहेंगे। उसकी तरह से कोविड हो गया है। मौसम में बदलाव के साथ ही कोविड आता जाता रहेगा। घबराने की जरूरत नहीं है लेकिन एहतियात जरूर बरतनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग के पास 37 वेंटीलेटर है और दवाओं का पूरा स्टॉक है।
ऑक्सीजन प्लांटों की हो चुकी जांच
डॉ. सुनील हरी ने बताया कि जिले में अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में 23, अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल में 23, नारायणगढ़ सरकारी अस्पताल में 10, चौड़मस्तपुर सीएचसी में दो, सेक्टर-10 पॉलीक्लीनिक अस्पताल में दो बेड आइसोलेशन के लिए रखे हैं। इन अस्पतालों में छह ऑक्सीजन प्लांट बनाए हैं। यह अभी चल रहे हैं। इनमें सेक्टर-10 पॉलीक्लीनिक, नारायणगढ़, सीएचसी चौड़मस्तपुर, अंबाला छावनी में एक-एक व शहर नागरिक अस्पताल में दो ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं। इसी तरह प्राइवेट अस्पताल मिशन अस्पताल, हीलिंग टच और मुलाना मेडिकल कॉलेज में भी ऑक्सीजन प्लांट और आइसोलेशन बेड रखे हैं।
अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल में लगा ऑक्सीजन प्लांट