अंबाला। दिवाली पर पंजोखरा-शहजादपुर रोड पर दो कारों में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक कार सवार युवक की मौत हो गई। हालांकि उसकी शिनाख्त नहीं हुई। हादसे में दूसरी कार में सवार परिवार बाल-बाल बच गया। पुलिस ने परिवार के साथ जा रहे व्यक्ति खानपुर लवाना निवासी सुशील की शिकायत पर फरार कार चालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। हादसे में जो कार चालक मौके से फरार हुआ है, उसकी कार में सवार युवक ने दम तोड़ा है।
थाना पंजोखरा पुलिस को दी शिकायत में खानपुर लवाना गांव निवासी सुशील कुमार ने बताया कि दिवाली पर रविवार को वह अपने दोस्त की कार लेकर परिवार को साथ लेकर अपनी बहन निशा देवी के पास बोह बब्याल गया था। रात सात बजे वह कार में पत्नी मनीषा देवी, बेटा हेमन पंडवार, भतीजी नव्या और छोटे भाई की पत्नी पिंकी देवी के साथ खानपुर लवाना आ रहे थे।
वह सेठी भट्ठा के नजदीक पंजोखरा-शहजादपुर रोड पर पहुंचे तो सामने से आ रहे एक अन्य कार चालक ने कार तेज रफ्तार से चलाते हुए टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद उसने अपनी कार से उतरकर कार चालक के बारे में पूछताछ शुरू की तो उसकी पहचान बड़ी बस्सी गांव निवासी अंकित के रूप में हुई। वहीं कार की पिछली सीट पर एक युवक बेहोशी की हालत में था। जिसे एंबुलेंस की सहायता से नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।