अंबाला। तेजधार हथियार के बल पर दो बाइक सवार युवकों ने श्रमिकों को लूट लिया। घटना शहजादपुर के डेरा गांव की सड़क पर हुई। नया गांव निवासी राजेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का प्रयास करने और धमकाने कर लूटपाट करने की धारा में मामला दर्ज किया है। राजेश ने बताया कि वो और उसका बड़ा भाई राजकिशोर मंगलवार शाम लगभग आठ बजे बाजार से सामान खरीदकर घर जा रहे थे। जब वो डेरा गांव के पास सौंतली रोड पर पहुंचे तो काले रंग की बाइक पर सवार दोनों लड़कों ने उसके भाई राजकिशोर को पकड़ लिया और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। इस दौरान उन्होंने राजकिशोर की छाती पर तेजधार हथियार लगा कर उसकी जेब से 1600 रुपये निकाल लिए और मौके से भाग गए। राजेश ने बताया कि दोनों लड़के गुज्जर डेरे के रहने वाले हैं और इनके नाम राकेश उर्फ काला और विशू राणा है।