अफीम तस्करी के दो आरोपी काबू, रिमांड पर लेकर पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अफीम तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में नग्गल थाना पुलिस ने दो तस्कर को काबू किया। एक मामले में जहां मिर्जापुर गांव के मनीष उर्फ मोहित से 90.20 ग्राम अफीम व एक बाइक बरामद हुई तो दूसरे मामले में जनसुई गांव के सागर उर्फ शेखर से 160 ग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर कोर्ट में पेश कर 2-2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
रिमांड में पुलिस उनके जरिए मुख्य तस्करों तक पहुंचेगी। पहले मामले में थाना नग्गल के पुलिस दल को सूचना मिली थी कि मनीष उर्फ मोहित मादक पदार्थों की तस्करी का कार्य करता है। सूचना उपरांत पुलिस दल ने नडियाली कट के पास नाकाबंदी कर बुलेट को रोका था। उस पर बैठे आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके जेब से मिले लिफाफे से 90.20 ग्राम अफीम मिली। इसी तरह दूसरे मामले में पुलिस ने जनसुई पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी कर सागर उर्फ शेखर को 160 ग्राम अफीम सहित काबू किया था।