अंबाला। मिल्ट्री इंजीनियर सर्विस से रिटायर्ड गुरदित सिंह से दो लोग बीस हजार रूपये छीनकर फरार हो गए। आरोपी भागते समय जरुरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गए हैं। अब पुलिस ने स्नेचिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दयालबाग के भरतनगर एरिया में रहने वाले गुरदित सिंह ने बताया कि वह एमईएस से रिटायर्ड है। सोमवार को वह बब्याल स्थित भारतीय स्टेट बैंक से अपनी पेंशन निकलवाने के लिए आया था। बीस हजार रुपए निकवालने के बाद वह पैदल ही अपने घर जा रहा था। उसने बताया कि जब वह अग्रवाल कांप्लेक्स के पास फ्रेश ग्रीन करियाना स्टोर से के पास पहुंचा तभी दो व्यक्ति उसके पीछे से अचानक आए। वे उसे धक्का देकर उसके हाथ से थैला छीनकर फरार हो गए। थैले में बीस हजार रूपये की नकदी के साथ पत्नी की बैंक की कापी व पेंशन से जुड़े दस्तावेज भी थे। आरोपी सभी को अपने साथ लेकर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है।